दुर्घटना
अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, चार युवक घायल
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात में एक भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार चार युवक घायल हो गए। यह हादसा खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बुधा कला चौराहे के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।जानकारी के अनुसार खलीलाबाद से सेमरियावां की ओर जा रही एक कार जैसे ही बुधा कला नहर के पास पहुंची, तभी सामने से अचानक एक वाहन आ गया। सामने वाहन को देखकर चालक ने कार को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कांटे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल खलीलाबाद भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायलों की पहचान खलीलाबाद के मोतीनगर निवासी अमन, पठान टोला निवासी साहिल व फैजान तथा बजरिया निवासी शुभ के रूप में हुई है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।
