वाराणसी
अधेड़ को अधमरा छोड़ भागे हमलावर, घटना सीसीटीवी में कैद
वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में बीती रात दबंगों ने एक अधेड़ पर जानलेवा हमला कर दिया। आरटीओ कार्यालय के पास हुई इस घटना में हमलावरों ने ईंट से वार कर पीड़ित का सिर कुचलने का प्रयास किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सेहमलपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़ागांव थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी राजनाथ यादव बीती रात करीब आठ बजे निजी कार्य से घर से आरटीओ की ओर गए थे। परिजनों का कहना है कि जैसे ही राजनाथ ने अपनी गाड़ी साइड में खड़ी कर नीचे उतरे, वहां पहले से मौजूद युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित की बेटी सोनी यादव की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि चिउरापुर निवासी प्रिंस सिंह, बसनी निवासी कौशल तिवारी और कोइरीपुर कोट निवासी शिवम सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके पिता को घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले अभद्र गालियां दीं और फिर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में राजनाथ के सिर, आंख और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमलावरों ने राजनाथ को तब तक पीटा जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर गए। इसके बाद आरोपी उन्हें अधमरा छोड़कर भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि घायल युवक की बेटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि शराब पीने के दौरान मारपीट हुई है।
