Connect with us

गाजीपुर

अधेड़ की सिर कूचकर हत्या, केस दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

सादात (गाजीपुर)। जिले के सादात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बूढ़नपुर में बीती शाम 48 वर्षीय महेन्द्र यादव की धारदार हथियार से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

मृतक के छोटे भाई जयप्रकाश यादव की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बूढ़नपुर निवासी देवसरन यादव के पुत्र महेन्द्र यादव नहर के पास स्थित अपने ट्यूबवेल पर काम कर रहे थे। शाम के समय वह वहां से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर अपने घर खाना लेने साइकिल से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रात करीब आठ बजे तक जब महेन्द्र यादव ट्यूबवेल पर खाना लेकर नहीं पहुंचे, तो उनके छोटे भाई जयप्रकाश यादव हेलमेट लगाकर बाइक से खाना पहुंचाने निकले। ट्यूबवेल पर मौजूद परिजनों ने बताया कि महेन्द्र घर से खाना लेने गए थे। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कुछ दूरी पर सड़क किनारे साइकिल के पास महेन्द्र यादव का शव पड़ा मिला।

हत्या की सूचना पर सादात और बहरियाबाद थाने की पुलिस के साथ सैदपुर के क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी भी मौके पर पहुंचे। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेन्द्र राम मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Advertisement

महेन्द्र यादव के परिवार में पत्नी मंजू देवी, पुत्रियां सुगंधा और खुशी, पुत्र शुभम तथा मां देवुर्फ जुगरी देवी हैं। गुरुवार सुबह ग्राम प्रधान सतीश तिवारी, सरैयां के प्रधान प्रतिनिधि धर्मेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page