चन्दौली
अधिवक्ता अधिनियम संशोधन के खिलाफ वकीलों ने किया विरोध-प्रदर्शन
चंदौली। सकलडीहा तहसील में शुक्रवार को वकीलों ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित अधिवक्ता संशोधन विधेयक 2025 के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में जुलूस निकालकर अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और न्यायिक कार्य से विरत रहे। विरोध स्वरूप एसडीएम अनुपम मिश्रा को विधि एवं न्याय मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
वकीलों का आरोप है कि यह विधेयक अधिवक्ताओं के अधिकारों को खत्म करने और उनके मूलभूत अधिकारों को सीमित करने की कोशिश है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह संशोधन भारतीय विधिज्ञ परिषद और राज्य विधिक परिषद पर केंद्र सरकार का पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने की साजिश है, जो संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने विधेयक को तत्काल वापस लेने और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि अधिवक्ताओं को कमजोर किया गया, तो आम जनता को न्याय कैसे मिलेगा?
इस प्रदर्शन में अध्यक्ष अशोक कुमार यादव, महामंत्री रामराज यादव, पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय, अजय कुमार सिंह, नितिन तिवारी, पंकज यादव, अखिलेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में वकील शामिल रहे।
