Connect with us

आजमगढ़

अटल विद्यालय में अनियमितताएं, प्रधानाचार्य को हटाने के आदेश

Published

on

Loading...
Loading...

आजमगढ़‌। मंडलायुक्त विवेक ने सोमवार को ग्राम गंभीरवन स्थित अटल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनेक गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने उप श्रमायुक्त राजेश कुमार और श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेंद्र सिंह से स्पष्टीकरण मांगा।

सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार सोनकर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई, जबकि प्रधानाचार्य ब्रज किशोर नारायण सिंह को पद से हटाने और लिपिक आशुतोष राय की सेवा तत्काल समाप्त करने का निर्देश दिया गया।मंडलायुक्त ने छात्रों से बातचीत कर पठन-पाठन, आवासीय सुविधाएं, भोजन की गुणवत्ता और सफाई के संबंध में जानकारी ली। छात्रों ने बताया कि उन्हें केवल 12 कॉपियां और दो पेन दिए गए हैं। बैग फट चुके हैं और पीने का पानी आरओ से उपलब्ध नहीं होता। खेल के मैदान में कंकर होने से चोट लगने की शिकायतें की गईं।

छात्राओं ने बताया कि जरूरी चीजें जैसे झाड़ू, साबुन, शैम्पू और तेल उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। भोजन के मेनू का पालन नहीं किया जाता और क्वालिटी बेहद खराब है।निरीक्षण के दौरान मेस में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांची गई। चावल में कंकड़ पाए गए और सब्जी-दाल में अधिक पानी था।

बच्चों ने बताया कि उन्हें फल, दही, सलाद आदि नहीं मिलते और कभी-कभी केवल केला दिया जाता है। सुबह की चाय में दूध और चायपत्ती नाम मात्र की होती है। हॉस्टल की सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब पाई गई। बॉयज हॉस्टल के शौचालय में वाशबेसिन और फ्लश खराब थे। गर्ल्स हॉस्टल की सफाई और बेडशीट की स्थिति भी दयनीय थी।

Advertisement

निरीक्षण के अंत में मंडलायुक्त ने छात्रों से समस्त स्टाफ के सामने शिकायतें दोहराने को कहा। उन्होंने अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए उप श्रमायुक्त को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से विद्यालय का निरीक्षण करें।

सहायक श्रमायुक्त के खिलाफ कार्रवाई और प्रधानाचार्य को हटाने की सिफारिश शासन को भेजी गई। मंडलायुक्त ने छात्रों को लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित भी किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page