चन्दौली
अग्रहरि वैश्य समाज की बैठक में एकजुटता पर जोर
स्वर्गीय श्यामा चरण गुप्त के नाम पर चौराहे के नामकरण पर अग्रहरि समाज में हर्ष
चंदौली। अखिल भारतीय अग्रहरि वैश्य समाज की ओर से नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 इंदिरा नगर स्थित महादेव मंदिर पर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान समाज की एकजुटता व मजबूती को लेकर विचार विमर्श किया गया। साथ ही नव वर्ष 2026 की सभी स्वजातीय बंधुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी गई।
वहीं, पूर्व सांसद प्रयागराज स्वर्गीय श्यामा चरण गुप्त के नाम पर प्रयागराज में चौराहा का नामकरण किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और समरसता बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने सभी समाज के लोगों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि संगठन में बहुत शक्ति होती है। समाज की एकजुटता से पहचान कायम होगी।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक हरिश्चंद्र अग्रहरि ने कहा कि समाज के बच्चों को अच्छी शिक्षा संस्कार देने की जरूरत है। किसी भी समाज के विकास में शिक्षित योग्य व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आपसी मतभेद होने के कारण आज तक अग्रहरि समाज अपनी पहचान बनाने में पीछे रह गया है। हमें समाज के सभी छोटे बड़ों का सम्मान करते हुए संगठित होने की जरूरत है।
कार्यक्रम आयोजक अग्रहरि समाज के पूर्व राष्ट्रीय युवा संगठन मंत्री सुनील अग्रहरि ने कहा कि पूर्व सांसद स्वर्गीय श्यामा चरण गुप्त के नाम पर प्रयागराज चौराहे का नामकरण किया जाना पूरे अग्रहरि समाज का गौरव व सम्मान है। उन्होंने सभी स्वजातीय बंधुओं को नव वर्ष की बधाई दी और कहा कि समाज को आगे बढ़ाने में युवाओं का योगदान महत्वपूर्ण हैं । युवा वर्ग अग्रहरि समाज को संगठित करते हुए मजबूती प्रदान करें।
इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक 15 जनवरी को नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 स्थित मदन अग्रहरि के आवास पर आयोजित किया जाएगा। तत्पश्चात आयोजित सहभोज में समाज के सभी लोगों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर समाजसेवी काशी अग्रहरि, विनोद अग्रहरि, विजय अग्रहरी बाबा, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, सुरेश अग्रहरि, मनोज अग्रहरि, बृजेश अग्रहरी, राकेश अग्रहरि, जय अग्रहरि, संजय अग्रहरि, अजय अग्रहरि, राहुल अग्रहरि, रघुवीर अग्रहरि, पत्रकार गणेश प्रसाद गुप्ता, ईश्वर चंद्र अग्रहरी सहित समाज के अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
