बड़ी खबरें
बनारस में प्रियंका गांधी नें भरी हुंकार, मां दुर्गा की स्तुति के साथ किसान न्याय रैली की शुरुआत

वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को चुनावी शंखनाद करने वाराणसी पहुंची। इससे पहले प्रियंका श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। अन्नपूर्णा मंदिर में भी उन्होंने मां का आशीर्वाद लिया। इसके बाद अन्नपूर्णा मंदिर से सीधे दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा देवी का दर्शन-पूजन किया। एयरपोर्ट से मंदिर तक रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका अभिनंदन किया। उसके बाद प्रियंका रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में किसान न्याय रैली को संबोधित किया।
महंगाई और रोजगार पर सरकार को घेरा:
प्रियंका ने रैली में संबोधित करते हुए कहा कि सौ रुपए पेट्रोल, 90 रुपए डीजल, एक हजार का सिलेंडर मिल रहा है। जनता त्रस्त है, आप परेशान हैं और संघर्ष कर रहे हैं, वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं। कोरोना काल में नौकरियां गईं, लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी। देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे। एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया। देश नष्ट हो रहा है, पहचानिए। चुनाव की बात नहीं, देश की बात है।
पीएम-सीएम क्यों नहीं गए लखीमपुर:
प्रियंका ने कहा कि यह देश भाजपा की जागीर नहीं है, आपका देश है। जागरूक और समझदार बनिए, नहीं तो खुद को बचा पाएंगे, न देश को। यह देश आपकी मेहनत से बना है। जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा, हम लड़ते रहेंगे। अपने अंदर झांकिए, खुद से सवाल पूछिए, क्या इन सात सालों में आपके जीवन में कोई विकास हुआ। जवाब नहीं है तो मेरे साथ आईए और सरकार को बदलिए। प्रियंका ने कहा कि लखीमपुर में किसानों से मिलने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अभी तक नहीं गए। दुनिया के हर कोने में पीएम घूम सकते हैं, लेकिन अपने देश के किसानों से मिलने नहीं जा सकते। किसानों को वो आंदोलनजीवी कहते हैं, हम डरेंगे नहीं। आइए हमारे साथ ..हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। देश को बचाने के लिए बदलाव जरूरी है।
केवल पोस्टरों में दिख रहा है विकास:
प्रियंका ने कहा कि देश और प्रदेश त्रस्त है। हत्याएं हो रही हैं, किसी को भी मारा जा रहा है। देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है, सुरक्षित बस मोदी जी और उनके खरबपति दोस्त हैं। जनता परेशान है, किसानों के पास पैसा नहीं और मोदी जी दो-दो विमान खरीद रहे हैं। प्रियंका ने महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल 100 के पार चला गया और एलपीजी एक हजार के पार चला गया। बिजली का दाम तीन बार बढ़ा, जिनके घर में बिजली नहीं है, उनके घर में भी बिजली बिल आता है। क्या ये है विकास, ऐसे दिन आएंगे किसी ने सोचा नहीं था, केवल पोस्टरों में विकास है।
प्रियंका ने कृषि कानूनों को लेकर मोदी और योगी को घेरते हुए कहा, क्या मोदी जी ने प्रदेश के किसानों को देखा, वे किस हाल में हैं ? किसान न्याय रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि इस देश के गृह राज्य मंत्री के बेटे ने अपनी गाड़ी के नीचे 6 किसानों को कुचल दिया, उनके परिवार का कहना है कि हमें मुआवज़ा नहीं, न्याय चाहिए। मैं जब किसान नक्षत्र सिंह के घर गई तो परिवार ने बताया कि उनका बेटा बीएसएफ में दाखिल हुआ है। जब मैं रमन कश्यप पत्रकार के घर गई तो बताया, उन्हें जीप के नीचे कुचला गया। क्योंकि वे सच सामने लाने के लिए वीडियो बना रहे थे। मैं सरकार से पूछती हूं कि घटना का दोषी कौन है।