बलिया
DM ने किया सड़क सुरक्षा माह अभियान का शुभारंभ, यातायात नियमों के पालन की अपील
बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, बलिया परिसर में गुरुवार को सड़क सुरक्षा माह अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग से ही जीवन सुरक्षित रह सकता है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत अनमोल है और थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और तेज गति से बचने की अपील की। दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही वाहनों के आगे-पीछे अनावश्यक बफर न लगाने की सलाह दी गई।जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले की सभी तहसीलों, ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों में तिथिवार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सरकारी वाहन चालकों, स्कूल बस ड्राइवरों एवं टेम्पो चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। युवाओं को जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शहर के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा यातायात निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में एआरटीओ अरुण कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे
