खेल
CSK vs RCB : बेंगलुरु ने चेन्नई को 43 रन से हराया
बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से पराजित करते हुए शानदार जीत हासिल की। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 250 रन बनाए, जिसके जवाब में चेन्नई की टीम 207 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ चेन्नई को मौजूदा सत्र में लगातार तीसरी पराजय झेलनी पड़ी, जबकि बेंगलुरु ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले के भीतर ही टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। जैकब डफी ने ऋतुराज गायकवाड़ को 7 रन और संजू सैमसन को 9 रन पर आउट किया, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने आयुष म्हात्रे को एक रन पर पवेलियन भेजा। इसके बाद सरफराज खान और इम्पैक्ट सब कार्तिक शर्मा ने पारी संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच 47 रन की साझेदारी हुई, जिसमें सरफराज ने अहम भूमिका निभाते हुए 25 गेंदों पर 50 रन बनाए।

सरफराज खान को क्रुणाल पंड्या ने आउट किया और इसके बाद कार्तिक शर्मा भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। शिवम दुबे 18 रन बनाकर अभिनंदन सिंह का शिकार बने। सातवें विकेट के लिए जेमी ओवर्टन और प्रशांत वीर के बीच 57 रन की साझेदारी जरूर हुई, जिसमें प्रशांत ने 43 और ओवर्टन ने 37 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही चेन्नई की उम्मीदें खत्म हो गईं। नूर अहमद और मैट हेनरी आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को विराट कोहली ने तेज शुरुआत दिलाई। कोहली ने 18 गेंदों में 28 रन बनाए। इसके बाद फिल साल्ट और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। साल्ट ने 30 गेंदों पर 46 रन बनाए, जबकि पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन की पारी खेली।

देवदत्त पडिक्कल के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड ने पारी को विस्फोटक अंदाज में आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए महज 35 गेंदों में नाबाद 99 रन की साझेदारी की। टिम डेविड ने केवल 25 गेंदों में 70 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। वहीं पाटीदार 48 रन बनाकर नाबाद लौटे।
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 36 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें चेन्नई सुपर किंग्स ने 21 और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 14 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। पिछले सत्र में दोनों टीमों के बीच खेले गए दोनों मुकाबलों में बेंगलुरु विजयी रही थी।
