Connect with us

वाराणसी

BHU: 56 स्पेशल कोर्स में बदलेगा दाखिला सिस्टम, केंद्रीय प्रवेश समिति को मिली जिम्मेदारी

Published

on

Loading...
Loading...

अब समर्थ पोर्टल से ही होगा आवेदन, मेरिट तैयार कर विभाग भेजेगा सूची

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 56 स्पेशल कोर्सेज की प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। अब तक इन कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के अधीन थी, लेकिन इसे अब केंद्रीय प्रवेश समिति को सौंप दिया जाएगा। यह समिति विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया को अंजाम देगी।

अब नहीं लगाने होंगे विभागों के चक्कर
नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को 50 से अधिक विभागों में फार्म भेजने की जरूरत नहीं होगी। अब समर्थ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा और प्रवेश की पूरी प्रक्रिया इसी प्लेटफॉर्म पर संचालित होगी। लर्निंग स्पाइरल कंपनी द्वारा तैयार किया जा रहा पोर्टल एक सप्ताह में पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

जटिल व्यवस्था होगी खत्म
फिलहाल स्पेशल कोर्सेज में प्रवेश की प्रक्रिया काफी जटिल और मैन्युअल है, जिससे दाखिले में कई बार देरी हो जाती है। पुराने सिस्टम में छात्रों को पहले फार्म डाउनलोड कर विभागों को भेजना होता था, फिर वहीं से मेरिट बनती थी। अब पोर्टल से ही विभागों को छात्रों की सूची भेजी जाएगी।

Advertisement

मेरिट बनाएगा विभाग, प्रवेश का प्रस्ताव भेजेगी समिति
प्रवेश प्रक्रिया के तहत अब विभाग मेरिट सूची तैयार कर केंद्रीय प्रवेश समिति को सौंपेगा, जो पोर्टल के जरिए छात्रों को प्रवेश का प्रस्ताव भेजेगी। नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होगी। किसी भी गलती की तुरंत पहचान कर सुधार किया जा सकेगा।

छात्रों को होगी सुविधा
इस बदलाव से छात्रों को काफी राहत मिलेगी। न केवल समय की बचत होगी, बल्कि विभागों की दौड़ और कागजी झंझट से भी मुक्ति मिलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह कदम केंद्रीकृत प्रवेश व्यवस्था की दिशा में बड़ा सुधार साबित होगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page