Connect with us

वाराणसी

BHU में छात्र से मारपीट पर बवाल, एफआईआर दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब रुइया छात्रावास के एक छात्र शिवम मिश्रा पर कुछ अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। घटना के विरोध में छात्रों ने देर रात तक चक्काजाम कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

घटना रुइया छात्रावास के सामने मैदान में हुई, जब शास्त्री द्वितीय वर्ष का छात्र शिवम मिश्रा दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान चार-पांच युवकों ने उसे घेर लिया और स्टंप, बैट और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। हमले में शिवम के सिर में गंभीर चोटें लगी और उसे 12 टांके लगाए गए। फिलहाल वह BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है, जहां उसका सिटी स्कैन कराया जा रहा है।

धरने पर बैठे छात्रों ने प्रशासन पर जताया आक्रोश
घटना से आक्रोशित छात्रों ने छात्रावास के सामने धरना शुरू कर दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। छात्र विकास ने बताया कि शिवम को गर्दन और सिर में गंभीर चोट आई है और यह हमला पूरी तरह सुनियोजित प्रतीत होता है। उन्होंने मांग की कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।

Advertisement

प्रसून चतुर्वेदी ने इसे ‘आत्मघाती हमला’ करार देते हुए कहा कि प्रशासन की चुप्पी चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि घंटों से धरना चल रहा है, लेकिन कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

बिरला छात्रावास के छात्रों पर आरोप, स्थिति तनावपूर्ण
धरने के दौरान बिरला छात्रावास से जुड़े कुछ छात्रों पर दोबारा मारपीट की कोशिश का आरोप भी लगा। स्थिति को बिगड़ते देख लंका थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की। पुलिस की मौजूदगी में करीब चार घंटे बाद धरना समाप्त हुआ।

FIR दर्ज, पुलिस बल तैनात
पीड़ित छात्र की लिखित तहरीर पर लंका थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनज़र रुइया छात्रावास के बाहर पुलिस बल और PAC की तैनाती कर दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page