शिक्षा
BHU : छात्र से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, केस दर्ज
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अध्ययनरत एक छात्र ने मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए मुख्य आरक्षाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एमए हिंदी द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्रा ने अपनी तहरीर में बताया कि बीते बुधवार को दोपहर करीब 11:45 बजे वह कक्षा के लिए विभाग पहुंचे थे। इसी दौरान समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव ने उनसे नाम, जाति और कोर्स के बारे में जानकारी ली। छात्र के अनुसार, जब उन्होंने भी हिमांशु यादव से उनके कोर्स के बारे में पूछा, तो वह नाराज हो गए।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद हिमांशु यादव ने सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करते हुए छात्र को थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। छात्र का कहना है कि यह पूरी घटना विभाग में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
प्रार्थना पत्र मिलने के बाद प्रोक्टोरियल विभाग ने मामला लंका थाने को भेज दिया। पुलिस ने प्रशांत मिश्रा की तहरीर पर हिमांशु यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, छात्र ने प्रोक्टोरियल विभाग से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि उसे रैगिंग से बचाया जाए और मामले में न्याय दिलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
