Connect with us

राज्य-राजधानी

सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 30 नक्सली ढेर

Published

on

Loading...
Loading...

छत्तीसगढ़ के रायपुर में सुरक्षा बलों ने नक्सली संगठनों के खिलाफ एक बड़े अभियान को अंजाम दिया, जिसमें शुक्रवार को 30 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया गया है। अब तक 28 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं और भारी मात्रा में आधुनिक हथियार भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृत नक्सलियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है क्योंकि गोलीबारी देर रात तक रुक-रुक कर चलती रही। यह मुठभेड़ दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों की सीमा पर स्थित ओरछा थाना क्षेत्र के नेंदुर और थुलथुली गांव के बीच के जंगलों में हुई। सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच दो घंटे से अधिक समय तक रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। फायरिंग के थमने के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया और शाम छह बजे तक कई आधुनिक हथियार, जैसे एके-47 और एसएलआर राइफल, बरामद किए। नक्सल विरोधी अभियान के आईजी, सुंदरराज पी, ने इसे अब तक का सबसे बड़ा नक्सल विरोधी ऑपरेशन बताया।

Loading...

दरअसल, सुरक्षा बलों को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि नक्सली जंगल में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों की टीम को मौके पर भेजा गया। जवानों को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद नक्सलियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा और वे पीछे हटने पर मजबूर हो गए।

आईजी सुंदरराज पी के अनुसार, यह मुठभेड़ अबूझमाड़ के थुलथुली गांव के जंगलों में हुई थी। इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और विशेष कार्य बल (STF) के जवान शामिल थे। इससे पहले कांकेर में करीब छह महीने पहले एक ऐसी ही मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे। इस साल बस्तर क्षेत्र में विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 170 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया है। पिछले 11 दिनों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच यह तीसरी मुठभेड़ थी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page