अपराध
बच्चियों की हत्या करने के बाद फंदे से लटका पिता
प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने अपनी दो मासूम बेटियों 5 साल की नैंसी और 3 साल की खुशबू की हत्या के बाद उसी कमरे में खुद फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों बेटियों की रोने की तेज आवाज भी आई, लेकिन वह उनके पेट में तब तक चाकू घाेंपता रहा, जब तक दोनों का रोना बंद नहीं हो गया।

खून से सनी लाशों को कमरे में देख आसपास के लोगों के साथ पुलिस अफसरों के कलेजे भी कांप गए। 30 साल के मनीष ने बच्चियों पर चाकू के इतने वार किए कि उनकी आंतें पेट से बाहर आकर नीचे लटकने लगीं। पूरा कमरा खून से सना था। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद फिलहाल घरेलू कलह में ही घटना अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पत्नी के मुताबिक, रविवार को मनीष घर पर ही था। उसे कपड़े लेने थे, ऐसे में दोपहर करीब एक बजे वह सुलेमसराय बाजार चली गई। लगभग एक घंटे बाद वापस आई तो दरवाजा भीतर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी भीतर से कोई जवाब नहीं मिला।

फोन भी बंद था। उसके जानकारी देने पर मकान मालिक व अन्य लोग जुट गए। किसी तरह खिड़की का शीशा तोड़कर देखा गया तो मनीष फंदे पर लटका था। दोनों बेटियां जमीन पर मृत पड़ी थीं। सूचना पर पहले डायल 112 और फिर स्थानीय पुलिस पहुंच गई।
