वाराणसी
मानव तस्करी : चुराए गए बच्चे के साथ वाराणसी हवाई अड्डे पर पकड़े गए महिला और पुरुष
रिपोर्ट – एसपी तिवारी, मुगलसराय चंदौली
मुगलसराय के के.बी. अस्पताल का संचालक (डॉक्टर) ही निकला मास्टरमाइंड, पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी
वाराणसी/चंदौली। चंदौली जनपद के मुगलसराय स्थित के.बी. अस्पताल से चुराए गए बच्चे के साथ भागने की फिराक में लगे एक पुरुष और एक महिला को वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें अकासा एयरलाइंस के कर्मचारियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। दोनों बेंगलुरु जाने की फिराक में थे।
पुलिस की जांच में मामला मानव तस्करी का निकला है। के.बी. अस्पताल का चिकित्सक डॉ. जमील खान ही इसका मास्टरमाइंड है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वाराणसी के फूलपुर थाने पर उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी गोमती जोन मनीष कुमार शांडिल्य के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि महिला ने 6 दिन के बच्चे को निजी अस्पताल से 50 हजार में खरीदा था और वह उसे मैसूर लेकर जा रहे थे। हवाई अड्डे पर पहुंचने पर शक हुआ तो अकासा एयरलाइंस के कर्मचारियों ने पूछताछ शुरू कर दी और बच्चे के बाबत जानकारी चाही लेकिन वह बच्चे के बारे में सही जानकारी नहीं दे पाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी गई थी। सूचना पाकर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सूजाबाद रामनगर निवासी महिला को उसके पुरुष मित्र के साथ हिरासत में ले लिया।
डीसीपी के अनुसार, महिला के पास से बरामद बच्चा चोरी का है। जिसे वह मैसूर में रहने वाली अपने देवरानी के लिए लेकर जा रही थी। उसने बच्चा चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित के.बी. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. जमील खान से 50 हजार में खरीदा था।
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा पहले और भी कुछ बच्चों को तो नहीं बेचा गया है ? इस अस्पताल की दो शाखाएं हैं एक मुगलसराय के दुल्हीपुर और रामनगर में संचालित होती है।
