Connect with us

पूर्वांचल

जिला कारागार के लिए 44.94 करोड़ की किस्त जारी होने के चार महीने बाद भी शुरू न हो सका निर्माण कार्य

Published

on

Loading...
Loading...

जौनपुर। नए जिला कारागार के लिए 44.94 करोड़ की पहली किस्त अप्रैल में ही जारी हो गई है। किस्त जारी होने के 4 महीने बाद भी अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका‌ है। पीडब्ल्यूडी वाराणसी भवन खंड कार्यदाई संस्था है। नई जेल कुद्दूपुर समेत तीन गांवों में 100 बीघे में बनाई जानी है। जेल 179 करोड़ की लागत से तैयार होगा। इसका टेंडर भी जारी हो गया। बावजूद निर्माण नहीं शुरू हो सका।

वहीं इस मामले में पीडब्ल्यूडी भवन खंड वाराणसी के अधिशासी अभियंता विवेकानंद ने बताया कि, नए जेल के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। पहली किस्त पहले ही प्राप्त हो चुकी है। एक सप्ताह से 10 दिनों में काम को शुरू करा दिया जाएगा।

बता दें कि, लोकसभा चुनाव के बाद जेल निर्माण के लिए वाराणसी में टेंडर भी जारी कर दिया गया। कचहरी मार्ग पर आजादी से पहले जिला कारागार बनाया गया है। जेल में 320 बंदियों के रहने की क्षमता है जबकि यहां 973 बंदी रखे गए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन की तरफ से लंबे समय से नई जेल की मांग की जा रही थी। प्रस्ताव भी भेजा गया था। इस पर अगस्त 2016 में काम शुरू हुआ। लेकिन योजना को अमल में‌ लाते-लाते 8 साल होने को है।

इसके लिए तीन गांव इंदरिया, कुद्दूपुर, रंजीतपुर में 23.70 हेक्टेयर (100 बीघा) भूमि तलाश की गई। इसके तहत अभी तक 12.470 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। इसमें तीन किसानों की .520 हेक्टेयर भूमि की रजिस्ट्री नहीं हुई है। इसमें 3.58 हेक्टेयर भूमि ग्रामसभा व 7.097 हेक्टेयर भूमि जूनियर हाईस्कूल कुद्दूपुर की है। भूमि अधिग्रहण को लेकर 45 करोड़ 73 लाख रुपये मिले थे। इसमें से 44 करोड़ 73 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है। 99 लाख 40 हजार रुपये की धनराशि शेष है।

Advertisement

98 फीसदी काश्तकारों की भूमि रजिस्ट्री कराई जा चुकी है। 25 अक्तूबर 2021 को तहसीलदार सदर व उनकी टीम ने स्थल पर कब्जा करा लिया था। ऐसे में देखना यह है कि इस योजना को पूर्ण होने में और कितने वर्ष लगेंगे। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने 10 दिन के अंदर काम शुरू होने का आश्वासन दिया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page