Connect with us

अपराध

नमाज अदा करते ही कारोबारी ने उठाया खौफनाक कदम, नमाजियों में मचा हड़कंप

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। संकुलधारा पोखरा (खोजवा) स्थित कंकड़ वीर मस्जिद में गुरुवार को नमाज पढ़ने के बाद एक व्यक्ति ने खुद को पिस्टल से गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही नमाज पढ़ने आए नमाजियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही खोजवा चौकी की टीम, इंस्पेक्टर भेलूपुर और डीसीपी काशी जोन प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार, सोनारपुरा के रहने वाले गिट्टी-बालू के कारोबारी साजिद अली (50) गुरुवार को कंकड़ वीर मस्जिद में नमाज पढ़ने गये थे। जैसे ही उन्होंने नमाज अदा की उसके बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर अपने सिर में गोली मार ली। गोली लगते ही उनकी घटनास्थल पर तड़प-तड़पकर मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना के बाद नमाजियों में हड़कंप मच गया। गोली की गूंज मस्जिद के बाहर तक सुनाई दी। जिसके कारण मौके पर तमाशबीनों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार, साजिद अली के पिस्टल का लाइसेंस नंबर कैंट थाने में दर्ज होने से आचार संहिता लागू होने के बाद जमा नहीं हो पाया था। मृतक का परिवार के लोगों से व्यवहार ठीक न होने और पारिवारिक विवाद के चलते अलग किराए के कमरे पर रहता था। मृतक पांच भाइयों में सबसे बड़ा था।

तो वहीं, मस्जिद के इमाम अब्दुल अजीज ने बताया कि, साजिद अली मूल रूप से सोनारपुर के रहने वाले थे। पिछले कुछ सालों से खजूरी कॉलोनी पांडेयपुर में रहते हैं। इनका एक बेटा सद्दाम अली है। साजिद अली गिट्टी-बालू और सीमेंट का कारोबार करते थे। जब भी तगादा के सिलसिले में इधर आते थे तो मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए जरूर जाते थे। कभी भी साजिद ने अपनी पत्नी नुसरत अली या बेटे सद्दाम का शिकायत नहीं किया, लेकिन वह मानसिक रूप से हमेशा परेशान रहा करते थे।

डीसीपी काशी जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि, घटना की जानकारी मिलते ही हम तत्काल पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ‌घटनास्थल का जांच-पड़ताल करने के पश्चात मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हमने घटनास्थल पर आए मृतक के भाई और बेटे को पूरी घटना से अवगत कराया।‌ यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर परिजनों की तरफ से कोई तहरीर दी जाएगी तो उसी आधार पर हम आगे की कार्रवाई करेंगे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page