शिक्षा
पुष्पवर्षा के बीच शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा; सेंट्रल जेल में भी बना केंद्र
वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा बुधवार से जिले में शुरू हो गई। परीक्षा के पहले दिन कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों का स्वागत पुष्पवर्षा कर किया गया। 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलने वाली यह परीक्षा कुल 23 दिनों में संपन्न होगी। जिले में बनाए गए 117 परीक्षा केंद्रों पर 92,277 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
जिले में माध्यमिक शिक्षा के कुल 403 विद्यालय हैं, जिनमें से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा 117 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। इनमें एक केंद्र सेंट्रल जेल परिसर में भी स्थापित किया गया है। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ पुलिस बल भी मौजूद है।
परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले मंगलवार देर शाम तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए केंद्रों पर तैयारियां अंतिम चरण में चलती रहीं। पहले दिन हाईस्कूल के 46,300 तथा इंटरमीडिएट के 45,977 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।
माध्यमिक शिक्षा परिषद कार्यालय की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को परीक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नकल पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले में उड़नदस्ता दल की पांच टीमें गठित की गई हैं। पहली पाली की परीक्षा प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। केंद्राध्यक्षों को परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति अथवा छात्र के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
