Connect with us

गाजीपुर

मोहम्मदाबाद तहसील सभागार में विधिक सेवा साक्षरता मिशन को लेकर बैठक सम्पन्न

Published

on

Loading...
Loading...

मोहम्मदाबाद(गाजीपुर) जयदेश। तहसील सभागार मोहम्मदाबाद में आगामी 22 फरवरी को आयोजित होने वाले विधिक सेवा साक्षरता मिशन के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सिविल जज (जूनियर डिवीजन) मोहम्मदाबाद रंजीत जायसवाल द्वारा की गई। कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं आम जनमानस को विधिक सेवा साक्षरता मिशन के उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सिविल जज (जू. डि.) रंजीत जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विधिक साक्षरता के माध्यम से आम नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख लक्ष्य है।

बैठक में सिविल जज (जू०डी०)द्वितीय मनोज कुमार यादव,उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी, तहसीलदार महेंद्र बहादुर,नायब तहसीलदार विपिन चौरसिया, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह यादव, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दयाशंकर दुबे, अधिशासी अधिवक्ता अशोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने विधिक साक्षरता के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर 22 फरवरी को आयोजित होने वाले विधिक सेवा साक्षरता मिशन में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page