गोरखपुर
गोला पशु अस्पताल बना चिकित्सक विहीन
गोलाबाजार (गोरखपुर)। तहसील गोला मुख्यालय का पशु अस्पताल केंद्र इस समय उधार के डॉक्टर और फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा है। जिससे पशुपालकों में काफी असंतोष है। प्राप्त विवरण के अनुसार यहाँ डॉक्टर के स्थानांतरण के 6 माह बाद से डॉक्टर का स्थान रिक्त पड़ा हुआ है। फार्मासिस्ट का स्थान भी रिक्त है।
यहाँ की व्यवस्था चलाने के लिए पशु चिकित्सालय डाड़ी खास के डॉक्टर जियाउल्लाह सिद्दीकी और फार्मासिस्ट शैलेंद्र को भेजा गया है। दोनों लोग यहाँ भी बैठते हैं और डाड़ी खास पशु अस्पताल पर भी बैठते हैं। अब सवाल उठता है कि जिस दिन डॉक्टर गोला बैठते हैं, उस दिन डाड़ी खास का अस्पताल सूना पड़ जाता है। यदि वहाँ कोई पशुपालक अपने बीमार पशु की दवा लेना चाहे तो वहाँ कोई नहीं मिल पाता। यही स्थिति गोला पशु अस्पताल की भी हो जाती है, जब डॉक्टर और फार्मासिस्ट नहीं रहते हैं। यदि फार्मासिस्ट ही रहते, तब भी वहाँ के पशुपालकों को राहत मिल जाती।
पशु अस्पताल गोला पर कहने मात्र एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मोहम्मद हसन ही तैनात हैं। इस समय एसआईआर का काम चल रहा है, जिसमें डॉक्टर की ड्यूटी भी लगाई गई है। उस दिन दोनों स्थानों पर डॉक्टर नहीं मिलते। पशुपालकों ने जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से गोला पशु अस्पताल पर शीघ्र पशु चिकित्सक भेजने की मांग की है। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र पांडेय का कहना है कि डॉक्टरों की नियुक्ति शासन स्तर से की जाती है। वैसे शासन स्तर से गोला और बांसगांव पशु चिकित्सालय के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी गई है। वह लोग शीघ्र ही अपने स्थान पर जाकर ज्वाइन कर लेंगे।
