गोरखपुर
हर्ष फायरिंग में नाबालिग की मौत के बाद शव पहुंचा गोला, घर में मचा कोहराम
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गगहा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गोला क्षेत्र के एक नाबालिग युवक की मौत के बाद रविवार देर रात उसका शव घर पहुंचते ही मातम पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव नगर पंचायत गोला के वार्ड नंबर 7 कालीचौरा स्थित घर पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विकलांग नानी और मां बेटे का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगीं।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मृतक महताब उर्फ छोटू अपने नाना इस्लाम के साथ गोला में रहता था। इस्लाम के अनुसार उनकी बेटी को वर्ष 2009 में जुड़वा बेटे हुए थे, जिनमें से एक नाती को उन्होंने गोद लेकर पुत्र की तरह पालन-पोषण किया। छोटू करीब 15 दिन पहले पुणे (महाराष्ट्र) नौकरी के लिए गया था। इसी बीच दिल्लू ब्रास बैण्ड के संचालक द्वारा उसे बार-बार लगन में डीजे चलाने के लिए बुलाया जाने लगा। परिजनों के मना करने के बावजूद उसे आने के लिए 1300 रुपये किराया भी भेजा गया, जिसके बाद वह वापस आ गया। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे बैण्ड संचालक के भाई ने घर पहुंचकर छोटू की मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

डीजे कार्यक्रम में चली गोली
पुलिस के अनुसार 14 फरवरी की रात ग्राम पांडेपार (कौड़ीराम) में शादी के दौरान डीजे कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कौड़ीराम निवासी पंकज उर्फ आदर्श गुप्ता ने कथित रूप से पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिसमें छोटू को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारात गुरु कृपा मैरेज हॉल के पास पहुंची थी और डीजे की धुन पर लोग नाच रहे थे। इसी दौरान की गई हर्ष फायरिंग की एक गोली छोटू के सिर में जा लगी। घटना के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया।
नाबालिग होने की पुष्टि
परिजनों का कहना है कि आधार कार्ड के अनुसार छोटू नाबालिग था और डीजे ऑपरेटर का काम करता था। वह गोला में रहकर ही विभिन्न कार्यक्रमों में डीजे चलाता था।
हत्या का मुकदमा दर्ज
मृतक के नाना इस्लाम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। शव के गोला पहुंचते ही पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने एक बार फिर शादी-ब्याह में हर्ष फायरिंग की खतरनाक परंपरा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
