गाजीपुर
भांवरकोल में महाशिवरात्रि पर तीन दिवसीय अनुष्ठान का भंडारे के साथ समापन
भांवरकोल (गाजीपुर) जयदेश। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद इंटर कॉलेज टोडरपुर के परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर हर साल आयोजित होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की समाप्ति आज सोमवार विशाल भंडारे के आयोजन के साथ हो गया। भंडारे से मानस मर्मज्ञ अंजनि मिश्रा ने अपने अंतिम प्रवचन में कहा कि शिवशंकर एकमात्र देवाधिदेव हैं जो अपने भक्तों पर कृपा करने में तनिक भी देरी नहीं करते। वे तो ऐसे देवता हैं जो तप से प्रसन्न होकर राक्षसों को भी मुंहमांगा आशीर्वाद देते हैं। सच्चे मन से पुकारने पर भक्त को कुछ न कुछ उनसे मिल जाता है। जो शिवशंकर की भक्ति करता है वह खुशहाल जीवन जीता है।
स्मरणीय है कि कॉलेज के परिसर में हनुमान शिव मंदिर स्थित है। इस कारण हर वर्ष महाशिवरात्रि के पर्व पर चौबीस घंटे का हरि कीर्तन होने के साथ रुद्राभिषेक व प्रवचन का आयोजन होता है, जिसे सुनने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रोताओं की भीड़ उमड़ती है। इसी क्रम में सोमवार को दोपहर से भंडारा आरंभ हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।
तीन दिवसीय अनुष्ठान के समापन को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य शिवजी यादव ने धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भगवान शंकर से प्रार्थना किया कि सभी लोगों का जीवन खुशहाल बना रहे।
