Connect with us

गोरखपुर

डकैती व चैन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, 30 महिलाएं और तीन पुरुष गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामगढ़ताल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। डकैती, चोरी और चैन स्नैचिंग की योजना बना रहे एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3 पुरुष अभियुक्तों और 30 महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी (महिला) को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रामगढ़ताल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनीश कुमार शर्मा व पुलिस टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पेचकश, चाकू, रबर के नकली सांप, रबर की नकली छिपकलियां, एक झांग भटकुईयां तथा एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह गोरखपुर और आसपास के जिलों के धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर सक्रिय था। भीड़भाड़ का लाभ उठाकर गिरोह की महिलाएं नकली सांप और छिपकली दिखाकर भय का वातावरण बनाती थीं, जबकि अन्य सदस्य उसी दौरान महिलाओं के गले से चैन छीनने, चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद किए गए औजारों से यह स्पष्ट होता है कि गिरोह पूरी तैयारी के साथ वारदात करने की फिराक में था।

इस मामले में थाना रामगढ़ताल पर मुकदमा अपराध संख्या 05/2026 धारा 310(4) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त गोरखपुर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, बलिया, कुशीनगर, मऊ और अंबेडकरनगर सहित कई जनपदों के निवासी बताए जा रहे हैं, जिससे गिरोह के अंतरजनपदीय नेटवर्क की पुष्टि होती है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई से धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं तथा आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page