गोरखपुर
गीडा के स्थापना दिवस समारोह में आज आएंगे सीएम योगी, यूपी स्टेट ट्रेड शो का करेंगे उद्घाटन
6139 करोड़ रुपये के निवेश को मिलेगी बढ़त, 115 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र
गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 36वें स्थापना दिवस समारोह पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में वह 6139 करोड़ रुपये के निवेश को बढ़ावा देंगे और पांच बड़े निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र सौंपेंगे। कुल 115 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किया जाएगा।
शनिवार दोपहर 3:30 बजे से होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री गीडा के विभिन्न सेक्टरों में आधारभूत संरचना के विकास से जुड़ी 408 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में विद्युत सब स्टेशन निर्माण, फीडर व लाइन सुदृढ़ीकरण, सड़क, पार्किंग, जलापूर्ति और जलनिकासी से जुड़े कार्य शामिल हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री नाइलिट सेंटर से कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे और गीडा में लगने वाले तीन दिवसीय यूपी स्टेट ट्रेड शो का शुभारंभ करेंगे।
गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार ट्रेड शो में स्थानीय उत्पादों के साथ विभिन्न बड़े ब्रांडों के उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों के खास और ओडीओपी उत्पादों को एकीकृत मंच पर प्रदर्शित करने की विशेष व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को एसएसपी राजकरन नय्यर ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया।
कौशल विकास का केंद्र बन रहा नाइलिट का गीडा कैंपस
गीडा ने नाइलिट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) के साथ एमओयू कर स्थानीय युवाओं के कौशल विकास हेतु 9280 वर्गमीटर का कैंपस भवन सहित निःशुल्क उपलब्ध कराया है। यहां अब तक 13 पाठ्यक्रमों में 817 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। स्थापना दिवस समारोह में नाइलिट से प्रशिक्षित पाँच युवाओं को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
तीन दिवसीय ट्रेड शो में दिखेगी स्थानीय उत्पादों की चमक
ट्रेड शो में गोरखपुर के साथ कानपुर, लखनऊ, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, बाराबंकी सहित कई जिलों के विशेष और ओडीओपी उत्पाद प्रदर्शित होंगे। लोग बनारस के सिल्क, कानपुर के टेक्सटाइल व लेदर गुड्स, लखनऊ की चिकनकारी, बाराबंकी के मेंथाल उत्पाद और गाजीपुर के हैंडीक्राफ्ट खरीद सकेंगे। सरकारी विभागों की उपलब्धियों और योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी रहेगी।
