मिर्ज़ापुर
अयोध्या में भगवान रामलला को मिर्जापुर में निर्मित फूल धातु बर्तनों में भोग

मिर्जापुर। अयोध्या धाम में विराजमान भगवान रामलला को अब मिर्जापुर के फूल धातु बर्तनों में भोग अर्पित किया जाएगामिर्जापुर। अयोध्या धाम में विराजमान भगवान श्रीरामलला के लिए अब मिर्जापुर में निर्मित विशेष फूल धातु के बर्तन इस्तेमाल होंगे। यह पहल श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री एवं विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय की मंशा के अनुसार की गई है।
विहिप के पूर्व प्रांत संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव ने मिर्जापुर के मेटल उद्योग से जुड़े व्यापारियों के सहयोग से बर्तनों का निर्माण कराया। रविवार को लाल डिग्गी स्थित मनोज श्रीवास्तव के आवास पर विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न हुआ, जिसमें आचार्य शशिकांत मालवीय और नितिन अवस्थी ने मंत्रोच्चारण किया।
बर्तनों में 24 थालियां, 72 कटोरियां, 24 गिलास, 24 प्लेटें और 24 चम्मच शामिल हैं, जिनका कुल वजन लगभग 77 किलोग्राम है। पारंपरिक तकनीक और शुद्ध फूल धातु मिश्रण से बने इन बर्तनों में तांबा, जस्ता और टिन जैसे खनिज तत्व आयुर्वेदिक अनुपात में शामिल किए गए हैं।मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि आयुर्वेदिक दृष्टि से इन बर्तनों में भोजन करने से पाचन तंत्र संतुलित रहता है, त्वचा और यकृत को लाभ मिलता है, और भोजन विषैले तत्वों से सुरक्षित रहता है।
यह पहल स्थानीय उद्योगों और स्वदेशी कौशल को नया सम्मान देने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपरा के संरक्षण का प्रतीक है।
कार्यक्रम में अमरेश चंद्र तिवारी, श्यामधर पाण्डे, आनंद अग्रवाल, अनिल गुप्ता, रवि पुरवार, महेश तिवारी, गणेश तिवारी, रुद्र गोस्वामी, आशीष पांडे, दीपक श्रीवास्तव, पंकज दुबे, श्रीकृष्ण सिंह पटेल, ओ पी गुप्ता, राजकुमार जायसवाल, कृष्ण कांत गुप्ता, पी डी दुबे, संजय सिंह, पूनम केशरी, अमित पाण्डेय, हरि नारायण और मनोज पासवान उपस्थित थे।