वायरल
होली-रमजान को लेकर डीएम और एसपी ने की बैठक
शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
संतकबीरनगर। आगामी होली एवं रमजान माह को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने तहसील मेहदावल के थाना धर्मसिंहवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुसहरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया तथा त्योहारों के दौरान संभावित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने होलिका दहन स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने कहा कि होली और रमजान जैसे पवित्र पर्वों को परंपरागत तरीके से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाया जाए। किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए तथा यदि कोई समस्या उत्पन्न हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय मुसहरा में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। बताया गया कि लगभग 250 बच्चों के सापेक्ष केवल एक शिक्षक एवं एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को शिक्षक संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त ग्राम सचिव की अनियमित उपस्थिति की शिकायत पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को व्यवस्था में सुधार के सख्त निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन संतोषजनक है तथा विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता और नियमितता ठीक है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदमन सिंह, तहसीलदार अल्पिका वर्मा, थाना प्रभारी, ओएसडी राकेश कुमार सहित ग्रामीण एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
