गोरखपुर
होमगार्ड की सूझबूझ से बदमाशों की साजिश नाकाम, एसएसपी ने दिया 10 हजार का पुरस्कार
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड पर रविवार सुबह एक मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग किशोरी के अपहरण के बाद संभावित दुष्कर्म की घटना को होमगार्ड की सतर्कता से टाल दिया गया। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड विजय प्रताप सिंह की सूझबूझ से किशोरी को आरोपियों के चंगुल से बचा लिया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन रोड पर कबाड़ बीन रही किशोरी को तीन युवकों ने जबरन ई-रिक्शा में बैठा लिया और सुनसान स्थान की तलाश में निकल पड़े। रविवार होने के कारण कार्मल स्कूल रोड पर भीड़ कम रहती है और वहां एक निर्माणाधीन भवन के पास झाड़ियां भी हैं, जहां आरोपी किशोरी को ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
सुबह करीब 9:30 बजे कार्मल रोड पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड विजय प्रताप सिंह की नजर रॉन्ग साइड से आ रहे ई-रिक्शा पर पड़ी। ई-रिक्शा में तीन पुरुषों के बीच बैठी किशोरी खुद को छुड़ाने का प्रयास कर रही थी। स्थिति को भांपते हुए विजय प्रताप सिंह ने ई-रिक्शा रुकवाया और शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
अचानक हुई कार्रवाई से घबराकर चालक के दो साथी मौके से फरार हो गए, जबकि नशे में धुत ई-रिक्शा चालक को लोगों की मदद से पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची कैंट थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान कैंपियरगंज के मोहम्मदपुर निवासी आकाश मिश्रा, कुशीनगर जिले के विशुनपुर थाना क्षेत्र के दुधरा निवासी अजय जायसवाल तथा शाहपुर के पादरीबाजार निवासी बजरंगी के रूप में हुई है। बजरंगी घटना के बाद कबाड़ के ढेर में छिप गया था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके मन में गलत भावना आ गई थी और उन्हें लगा कि किशोरी मानसिक रूप से बीमार है, इसलिए वह किसी को कुछ बता नहीं पाएगी।
इस मामले में चौकी इंचार्ज गोलघर अवनीश पांडेय की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और गलत मंशा सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
