वाराणसी
होटलों पर लगा स्वच्छता यूजर चार्ज, हर माह चुकाने होंगे इतने रुपये

वाराणसी। नगर निगम ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वच्छता उपविधि-2017 में आंशिक संशोधन करते हुए निगम ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 के तहत स्वच्छता यूजर चार्ज की नई दरें लागू कर दी हैं। इसके तहत अब शहर के होटलों को हर महीने 20,000 रुपये बतौर यूजर चार्ज देने होंगे।
इस संबंध में नगर निगम की ओर से 26 अप्रैल 2025 को सार्वजनिक सूचना जारी कर आम नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 15 मई तक आपत्तियां मांगी गयी थीं। निर्धारित तिथि तक किसी भी माध्यम से कोई आपत्ति दर्ज नहीं करायी गई, जिसके बाद यह दरें प्रभावी कर दी गईं।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने इस निर्णय पर संयुक्त रूप से हस्ताक्षर कर इसे सार्वजनिक किया।
नगर निगम के अनुसार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और कचरा निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। नई दरों के लागू होने से जहां सफाई व्यवस्था को लेकर जवाबदेही बढ़ेगी, वहीं निगम के राजस्व में भी वृद्धि की संभावना है।