चन्दौली
हल्की बरसात में ही सकलडीहा में जगह-जगह जलभराव
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सफाई, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
चंदौली। मंगलवार को दोपहर में महज दस मिनट की बारिश से ही सकलडीहा कस्बे में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। इससे आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्व में शिकायतों के बावजूद नालों की सफाई नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है। कस्बावासियों ने बरसात से पहले नालों की सफाई की मांग की है।
फोरलेन निर्माण के दौरान अधूरे नाले के कारण सड़कों पर कई स्थानों पर गंदे नाले का पानी बजबजा रहा है। मंगलवार को दोपहर तीन बजे हुई बारिश के बाद सकलडीहा बाजार से लेकर सधन तिराहा, अलीनगर तिराहा, डाकघर, मंदिर गेट, कोतवाली गेट, तहसील और ब्लॉक मार्ग पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

हालांकि पूर्व में व्यापार मंडल और नगरवासियों की ओर से नालों की सफाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थिति यह है कि महीनों पहले लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए गंदे नाले के पास भी जलभराव हो गया है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बरसात से पहले नालों की सफाई नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन करेंगे। इस संबंध में एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने बताया कि रोस्टर बनाकर कस्बे के नालों की सफाई कराई जाएगी।
