गाजीपुर
हल्की आंधी बारिश में ही ठप हो जाती है नंदगंज की मेनलाइन, 8 घंटे बाद भी नहीं मिला फॉल्ट
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या एक बार फिर सामने आई है। शनिवार तड़के हल्की बारिश और हवा के साथ ही नंदगंज पावर हाउस की मेनलाइन ठप हो गई। जिससे रात तीन बजे से ही पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई।
बताया जा रहा है कि नंदगंज विद्युत उपकेंद्र पर सादात स्थिति 33 केवीए से आने वाली मेनलाइन हल्का पानी पड़ते ही अक्सर फेल हो जाती है। बीती शुक्रवार की रात में भी यही स्थिति देखने को मिली। जब हल्की हवा और पानी के कारण मेनलाइन में फॉल्ट आ गया और पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली गुल रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार सुबह समरसेबुल पंप नहीं चल पाने के कारण लोगों को पानी की किल्लत हो गई। जिससे ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए भी जूझना पड़ा। वहीं बिजली न रहने से ईद का उत्साह भी फीका पड़ गया।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी शनिवार को सुबह फॉल्ट ढूंढ़ने के लिए निकले है, लेकिन करीब 8 घंटे बीत जाने के बाद भी खराबी का पता नहीं चल सका है। इससे उपभोक्ताओं में त्योहार के ऐन मौके पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। ईंद नमाज हेतु नहा धोकर तैयार होने में मुस्लिम समुदाय को काफी दिक्कतें हुईं।क्षेत्र के लोगों ने विद्युत विभाग उच्च अधिकारियों से जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ताकि बारिश व हल्की हवा के समय बार-बार बिजली बाधित होने से राहत मिल सके।
