गाजीपुर
स्टेट सब जूनियर कुश्ती में गाजीपुर के नागेश्वर यादव ने जीता स्वर्ण पदक
ईशोपुर (गाजीपुर) जयदेश। वाराणसी में 7 से 19 फरवरी 2026 तक आयोजित स्टेट सब जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप में गाजीपुर जिले के रामकरन इंटर कॉलेज ईशोपुर रामपुर के छात्र ने जिले का नाम रोशन किया। विद्यालय के कक्षा 9 के छात्र नागेश्वर यादव ने 55 किलोग्राम भार वर्ग (फ्री स्टाइल) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
नागेश्वर यादव ने प्रतियोगिता में शुरू से ही बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में उन्होंने जौनपुर के अमन को चित किया। दूसरे मुकाबले में मथुरा के योगेश को 3 अंकों के अंतर से हराया। क्वार्टर फाइनल में कानपुर के सूर्यकेश को 10 अंकों के बड़े अंतर से पराजित किया। सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर के आदित्य कुमार यादव को भी 10 अंकों के अंतर से शिकस्त दी। फाइनल मुकाबले में नागेश्वर ने स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के पहलवान दीपेंद्र यादव को मात्र एक मिनट में चित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

इस शानदार सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ खेल अध्यापक राम आशीष यादव, जिनके कुशल मार्गदर्शन, अनुशासन और नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, को भी दिया जा रहा है।
प्रतियोगिता में रामकरन इंटर कॉलेज ईशोपुर रामपुर के अन्य खिलाड़ियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में 43 किलोग्राम भार वर्ग में अंशीका एवं 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रिया शुक्ला, वहीं बालक वर्ग में 48 किलोग्राम में आर्यन यादव तथा 65 किलोग्राम में प्रियांशु ने प्रतिभाग कर अच्छा प्रदर्शन किया।
श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह रामकरन “दादा” स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक आशीष यादव ‘राहुल’ ने सभी पहलवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रबंधक एवं जिला उपाध्यक्ष कुश्ती संघ डॉ. जय सिंह ‘पप्पू’ ने खिलाड़ियों, खेल अध्यापक एवं कोचों को बधाई दी।
नागेश्वर यादव की इस उपलब्धि पर पूर्व एमएलसी डॉ. विजय यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, क्रीड़ा अधिकारी अरविंद यादव, प्रबंधक डॉ. जय सिंह ‘पप्पू’, पूर्व प्रधान अजय यादव, प्रधानाचार्य आत्मा यादव, पूर्व एथलीट काशी सिंह यादव, कोच गोरख नाथ यादव, कुश्ती कोच प्रेमचंद यादव, डॉ. रुद्र पाल यादव, सचिव आकाश सिंह, कोच/सचिव कमलेश यादव सहित समस्त क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।
