गाजीपुर
स्कूल प्रांगण में लंबी घासों में छिपे सांप, बच्चों की सुरक्षा को खतरा
नंदगंज (गाजीपुर)। देवकली ब्लॉक के बरहपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय के प्रांगण में लंबे समय से बेतरतीब ढंग से लंबी-लंबी घास उगी हुई है, जिससे विषैले जीव-जंतु भी प्रकट हो रहे हैं और बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। विद्यालय प्रांगण में कक्षा एक से आठ तक के छात्र पढ़ाई करते हैं और खेलने के दौरान उछल-कूद करते हैं, जिससे खतरे की संभावना और बढ़ जाती है।
अभिभावकों का कहना है कि इन घासों में विषैले जीव-जंतु छिप सकते हैं, जो बच्चों के पैर दबाने पर डंक मार सकते हैं या काट सकते हैं। इससे बच्चों की सुरक्षा पर हमेशा खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि कई बार इन घासों में सांप भी दिखाई दे चुके हैं।

विद्यालय प्रांगण में न केवल छात्र, बल्कि देवकली ब्लॉक का बीआरसी भवन और कार्यालय भी स्थित है, जहां प्रतिदिन खंड शिक्षा अधिकारी की बैठकें और अन्य कार्यक्रम होते हैं। इसके बावजूद प्रांगण में उगी लंबी घासों पर विद्यालय की प्रधानाचार्या और जिम्मेदार लोगों का कोई ध्यान नहीं है।
अभिभावकों ने इस गंभीर समस्या के प्रति चिंता जताते हुए शिक्षा के उच्च अधिकारियों एवं जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है और स्कूल प्रांगण से घास कटवाने की मांग की है, ताकि बच्चे सुरक्षित रूप से पढ़ाई कर सकें।
