Connect with us

गोरखपुर

सोशल मीडिया स्टंट बना मुसीबत, पांच युवक गिरफ्तार,  बाइक्स सीज

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में थाना गुलरिहा पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मोटरसाइकिल स्टंट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खतरनाक स्टंट कर रहे 5 युवकों को चिन्हित कर हिरासत में लिया है और उनकी 5 मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गुलरिहा के नेतृत्व में गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की गई।

हिरासत में लिए गए आरोपियों में शिवा मिश्रा (थाना कैंपियरगंज), अंकित कुमार वर्मा (थाना गुलरिहा), आदर्श वर्मा, शक्ति वर्मा और पीयूष सोनकर (सभी थाना चिलुआताल क्षेत्र) शामिल हैं। ये सभी युवक सार्वजनिक सड़कों पर बाइक से खतरनाक स्टंट करते हुए पाए गए, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही थी।

पुलिस के अनुसार, इस तरह के स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं को भी न्योता देते हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना गुलरिहा की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में थानाध्यक्ष उ0नि0 इत्यानंद पाण्डेय, उ0नि0 मदन मोहन मिश्रा, उ0नि0 विकास कुमार मिश्रा, उ0नि0 राहुल कुमार, उ0नि0 आयुष द्विवेदी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Advertisement

गौरतलब है कि हाल के दिनों में युवाओं में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए स्टंटबाजी का चलन बढ़ा है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की जान को खतरे में न डालें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page