वाराणसी
सोते समय युवक की धारदार हथियार से हत्या

वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गंगा किनारे स्थित गांव सिंहवार में देर रात को एक युवक की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक अनिल कुमार (28) पुत्र छोटेलाल की शादी तीन महीने पहले ही मेवड़ी गांव की सूरज देवी से हुई थी, लेकिन गौना की रस्म अभी पूरी नहीं हुई थी। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात भोजन करने के बाद अनिल घर से लगभग 100 मीटर दूर नीम के पेड़ के नीचे चारपाई पर सोने चले गए थे। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल अनिल अपने घर के दरवाजे तक लड़खड़ाते पहुंचे और पिता से “जान बचाइए” कहते हुए गुहार लगाई। आवाज सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। परिवार ने तुरंत एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं आई। इसके बाद निजी वाहन से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग और पुलिस पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक दो भाईयों में छोटा था। उसकी बहन और जीजा पप्पू गांव में ही रहते हैं। पिता ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस जांच के अनुसार, शादी से पहले अनिल का चांदपुर स्थित विधवा महिला से संबंध होने की चर्चा है। इसके अलावा जमीन संबंधी विवाद को भी हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना स्थल पर एसीपी सारनाथ विजय कुमार सिंह, थाना अध्यक्ष चौबेपुर अजीत कुमार वर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।