वाराणसी
सुनवाई के बीच महिला ने निकाला चाकू, कामकाज प्रभावित
वाराणसी। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (षष्ठम) की अदालत में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने सुनवाई के दौरान चाकू निकालकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के वक्त न्यायिक अधिकारी विभिन्न मामलों की सुनवाई कर रहे थे। अचानक महिला न्यायिक अधिकारी के सामने कागजात फैलाने लगी और जोर-जोर से शोर मचाने लगी।
अदालत में मौजूद वकीलों ने महिला से संयम बरतने और न्यायिक कार्य में बाधा न डालने की अपील की। साथ ही उसे अपने वकील को बुलाने के लिए शांत रहने का आग्रह किया गया, लेकिन महिला ने उनकी बात नहीं मानी और उलझने लगी। इसी दौरान उसने अपने बैग से चाकू निकाल लिया और धमकी देने लगी, जिससे अदालत परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
स्थिति बिगड़ती देख वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और महिला के हाथ से चाकू छीन लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर कचहरी पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई।
इस घटना से अदालत में मौजूद लोग सकते में आ गए और कुछ समय के लिए न्यायिक कार्य भी प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि महिला से मामले की गंभीरता से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदालत परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। न्यायिक कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली ऐसी घटनाएं न्यायालय की गरिमा पर भी प्रश्न खड़ा करती हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
