अपराध
सीबीआई ने वाराणसी में पूर्वोत्तर रेलवे के कार्यालय पर की छापेमारी, अधिकारी को 2.20 लाख रुपये के साथ किया गिरफ्तार
वाराणसी में पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लहरतारा में मंगलवार को लखनऊ सीबीआई की टीम ने छापा मारा और सीनियर डीईएन टू सत्यम सिंह को 2.20 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया। जांच में अधिकारियों के आवास से नकदी, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं बरामद की गईं हैं।
मामला रेलवे ट्रैक परियोजना के बिल भुगतान में अनियमितताओं और कमीशन की मांग से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि ट्रैक कार्य में बिल पास करने के बदले में लंबे समय से कमीशन लिया जा रहा था। सीबीआई ने अधिकारी का लैपटॉप, रजिस्टर और मोबाइल जब्त कर लिया है और कई दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
जांच के बाद से संबंधित अधिकारी के करीबी जो पिछले डेढ़ साल से मंडल में कार्यरत थे वह सभी अपने मोबाइल बंद कर चुके हैं। छापेमारी के बाद कई ठेकेदार और अधिकारी डीआरएम कार्यालय से चले गए। इस घटना पर किसी अधिकारी ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
