गोरखपुर
सीएमओ का पाली सीएचसी पर जबरदस्त छापा, बंद पड़ी लैब के ताले टूटे
48 फ्री जांचों का रास्ता साफ, भ्रष्ट पैथोलॉजी पर गिरेगी गाज।
गोरखपुर। सहजनवां तहसील अंतर्गत पाली ठर्रापार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर आज सुबह अचानक हलचल बढ़ गई। कारण था। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राकेश कुमार झा का औचक निरीक्षण!
सीएमओ अपनी पूरी टीम के साथ जैसे ही अस्पताल परिसर पहुंचे, अफसरों और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने सबसे पहले ओपीडी, लेबर रूम, दवा भंडार, सफाई व्यवस्था और अस्पताल की विभिन्न सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। कई कमियों को देखते ही मौके पर ही तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद सीएमओ टीम लेकर पहुँचे उस जगह, जो लंबे समय से ग्रामीणों की उम्मीदों पर ताला लगाए बैठी थी ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट लैब, जो वर्षों पहले बनकर तैयार तो हो गई थी लेकिन शुरू नहीं हुई थी।
सीएमओ ने कहा कि, “लैब अब सीएचसी पाली को हैंडओवर कर दी गई है… बहुत जल्द इसका उद्घाटन किया जाएगा।”
यह घोषणा सुनते ही ग्रामीणों में राहत की लहर दौड़ गई, क्योंकि यही वह सुविधा थी, जिसके अभाव में गरीब मरीजों को बाहर महंगे और कई बार फर्जी पैथोलॉजी सेंटरों पर जाना पड़ता था।
यूरिन जांच, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी की 48+ जांचें
✔ सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क
✔ जांचें होंगी सरकारी प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण
✔ अब मरीजों को बाहर भटकना नहीं पड़ेगा, सभी सुविधाएँ सीएचसी परिसर में ही मिलेंगी
सीएमओ अपनी टीम के साथ इसके बाद आरोग्य मेले में पहुँचे। यहां की व्यवस्था भी परखी गई। जो भी कमियाँ मिलीं, उन पर तुरंत सुधार का कड़ा निर्देश दिया गया।
चंद्रेशन पाठक, अश्वनी, जखरुल्लाह, प्रियंका, क्षमा मिश्रा, रीना गौतम, कुसुम लता, डॉ. कुणाल, विनोद यादव (फार्मासिस्ट) तथा स्वास्थ्य विभाग की अन्य टीमें और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएमओ के इस आकस्मिक निरीक्षण और बंद पड़ी लैब के संचालन को हरी झंडी मिल जाने के बाद सहजनवां क्षेत्र के हजारों मरीजों को मिल सकती है बहुत बड़ी राहत। अब पाली ब्लॉक में स्वास्थ्य सुविधाओं का नया अध्याय शुरू होने वाला है।
