Connect with us

वायरल

साहब! पैरवी करने वाला कोई नहीं है, जेल से छुड़ा दीजिए

Published

on

जिला कारागार में बंदियों ने बताई अपनी समस्या

संतकबीरनगर। जिला न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी तथा चीफ डिफेंस काउंसिल अन्जय कुमार श्रीवास्तव जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने बंदियों की विभिन्न समस्याएं सुनीं। इस दौरान अनेक बंदियों ने कहा कि साहब, पैरवी करने वाला कोई नहीं है, जेल से छुड़ा दीजिए।

अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी के समक्ष उपस्थित हुए महुली थानाक्षेत्र के रतनपुर धायपोखर गांव निवासी इंद्रेश चौधरी ने कहा कि गांव में रंजिशवश कुछ लोगों से विवाद हो गया था। घर पर पैरवी करने वाला कोई नहीं है। दुधारा थानाक्षेत्र के देवरिया गांव निवासी रवि, परमजीत तथा घनघटा थानाक्षेत्र के उमाशंकर ने कहा कि उनके पास कोई जमानतदार नहीं है। इसलिए वह जमानत के बाद भी जेल से रिहा नहीं हो पा रहे हैं।

महुली थानाक्षेत्र के सुनील यादव ने कहा कि उनकी जमानत सरकारी अधिवक्ता के प्रयास से मंजूर हो गई है। जेल से रिहा होने के बाद वह जमानतदार दाखिल कर देंगे। धर्मसिंहवा थानाक्षेत्र के विजय साहनी ने कहा कि उनकी जमानत यहां से खारिज हो गई है। हाईकोर्ट में अपील दाखिल करना है। इसी प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या बताई, जिनके शीघ्र निराकरण की बात कही गई।

Advertisement

इस दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव, जेल पीएलवी सुनील कुमार तथा जेल प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page