Connect with us

वाराणसी

साईं बाबा की मूर्ति हटाने में सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

महाराष्ट्र के साई ट्रस्ट ने भी इस कदम पर नाराजगी व्यक्त की

वाराणसी। काशी के मंदिरों से साई बाबा की मूर्ति मंदिरों से हटाने वाले सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शांति भंग करने के आरोप में वाराणसी कमिश्नरेट के काशी जोन के पुलिसकर्मियों ने अजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी की पुष्टि काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने की।

जानकारी के अनुसार, अजय शर्मा और उनके समर्थकों ने रविवार को वाराणसी के बड़ा गणेश मंदिर समेत कई मंदिरों से साई बाबा की मूर्तियों को हटा दिया। उन्होंने इन मूर्तियों को हटाकर गंगा में प्रवाहित किया। अजय शर्मा ने इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की जिन्हें उनके द्वारा प्रसारित किया गया।

साई बाबा को चांद मियां बता सनातन रक्षक दल ने मंदिरों से मूर्ति हटाने का छेड़ा था अभियान

Advertisement

सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा ने यह दावा किया कि साई बाबा हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम चांद मियां थे, इसलिए उनकी पूजा करना मंदिरों में अधर्म है। इसी आधार पर अजय शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर काशी के मंदिरों से साई बाबा की मूर्तियों को हटाने का अभियान शुरू किया। उनका कहना है कि अब तक उन्होंने काशी के 14 मंदिरों से साई बाबा की मूर्तियां हटाई हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर उन्होंने केवल दो मंदिरों से मूर्तियों को हटाने के फोटो और वीडियो साझा किए हैं।

साई भक्तों ने जताई थी आपत्ति, कार्रवाई किए जाने की थी मांग

काशी के मंदिरों से साई बाबा की मूर्तियों को हटाए जाने पर साई भक्तों ने कड़ी आपत्ति जताई है। वाराणसी में साई मंदिरों के संस्थापकों ने इस मुद्दे पर बैठक की, जिसमें पुलिस से शिकायत करने और मंदिरों के लिए सुरक्षा की मांग करने का फैसला लिया गया। महाराष्ट्र के साई ट्रस्ट ने भी इस कदम पर नाराजगी व्यक्त की है। साई भक्तों का मानना है कि काशी में साई बाबा की मूर्तियों को हटाने के पीछे कोई साजिश हो सकती है और इससे माहौल बिगड़ने की आशंका है। विवाद बढ़ने के बाद वाराणसी पुलिस एक्शन में आई और बुधवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के मैदागिन से सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा को हिरासत में लेकर चितईपुर थाने ले जाया गया। शांति भंग के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Advertisement

हिंदूवादी संगठन ने मंदिर से मूर्ति हटाने का किया समर्थन

हाल ही में वाराणसी और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हिंदुत्ववादी संगठनों और उनके समर्थकों ने मंदिरों से साई बाबा की मूर्तियों को हटाने का समर्थन किया है। विश्व हिंदू सेना के अध्यक्ष अरुण पाठक ने अपने सोशल मीडिया पर कहा है कि सनातन धर्म में पहले से ही तैतीस कोटि देवता और अनगिनत संत हैं, तो ऐसे में काशी जैसे पवित्र शहर में साई बाबा का मंदिर होना उचित नहीं है। उन्होंने इसे सही कदम बताते हुए कहा कि काशी भगवान शिव की नगरी मानी जाती है, वहां किसी अन्य की आवश्यकता नहीं है। अरुण पाठक के अलावा कई अन्य संतों ने भी इस कदम का समर्थन किया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page