Connect with us

वाराणसी

सरावां गांव के मां भद्रकाली मंदिर में चोरी, चोरों की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावां गांव स्थित प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर में शनिवार रात चोरी की वारदात हुई। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से चांदी के दो मुकुट, सोने की दो आंखें और दो दान पेटियां चुरा लीं। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगे चार सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।

चोरी की घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार सुबह मंदिर के महंत दिनेश कुमार सिंह सफाई के लिए पहुंचे और देखा कि मंदिर का सामान गायब था और दान पेटी टूटी हुई थी।महंत ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और कुछ ही देर में एसीपी राजा तालाब, थाना प्रभारी निरीक्षक शुभम कुमार सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डॉग स्क्वायड को वरुणा नदी के किनारे तक 100 मीटर तक ले जाया, लेकिन कुत्ता वहीं रुक गया। सीसीटीवी फुटेज में दो चोरों की तस्वीरें मिली हैं जो चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना हाल ही में कालिकाबारा में हुई चोरी से मेल खाती है जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

Advertisement

स्थानीय लोग इस वारदात से भयभीत और आक्रोशित हैं और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और सभी सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page