गोरखपुर
सरयू नदी में डूबे किशोर प्रिंस शुक्ला का शव 24 घंटे बाद बरामद
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के सरयू तट स्थित गोडियाना घाट सरयू नदी पर नहाने के दौरान डूबे हुए किशोर प्रिंस शुक्ला (17) पुत्र संतोष शुक्ला का शव एसडीआरएफ टीम ने करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि शव डूबे हुए स्थान से लगभग आधा किलोमीटर दूर मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त विवरण के अनुसार मंगलवार को प्रिंस अपने दोस्तों के साथ नऊवाबाबा की कूटी के पास स्नान करने गया था, जहां सरयू नद तेज बहाव के चलते वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस व तहसील प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एसडीआरएफ के एसआई निसार अहमद के नेतृत्व में टीम बीते शाम करीब सवा पांच बजे से सरयू नदी में रेस्क्यू के लिए उतरी और लगातार तलाश अभियान चलाया जाता रहा।

दूसरे दिन अभियान के दौरान टीम को सफलता मिली और शव बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली में रह रहे पिता संतोष शुक्ला घर पहुंच गए हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में रह रहे दादा राधेश्याम भी घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रिंस दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था और हाल ही में उसने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी।
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया, वहीं परिजन के द्वारा पुलिस प्रशासन से शव को पोस्टमार्टम में नहीं भेजने की बात कही गयी। वहीं, थाना प्रभारी राकेश रौशन सिंह ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम में भेजना आवश्यक था इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
