गोरखपुर
सरकारी स्कूल की शिक्षिका लगातार अनुपस्थित, बीएसए से कार्रवाई की मांग
गोरखपुर। खजनी ब्लॉक के बेलूडीहां गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका प्रिया सिंह के लगातार अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है। एसडीएम, तहसीलदार, और खजनी ब्लॉक के एडीओ पंचायत सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक अध्यापिका अनुपस्थित पाई गईं।
ग्रामीणों ने लंबे समय से शिकायत की थी कि विद्यालय की सहायक अध्यापिका प्रिया सिंह अक्सर स्कूल से नदारद रहती हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है एसडीएम, तहसीलदार और एडीओ पंचायत ने स्कूल पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर और अन्य दस्तावेज खंगाले।
जांच में शिकायत सही पाई गई और पुष्टि हुई कि सहायक अध्यापिका बिना किसी पूर्व सूचना या वैध अवकाश के लंबे समय से विद्यालय से अनुपस्थित चल रही थीं।
जांच के बाद, ग्राम प्रधान और अभिभावकों ने सामूहिक रूप से बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षिका की लापरवाही से बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
मौके पर मौजूद एडीओ पंचायत ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बीएसए को पत्र लिखकर सहायक अध्यापिका के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
इस मामले के बाद, उम्मीद है कि बेसिक शिक्षा विभाग जल्द ही कार्रवाई करेगा और बेलूडीहां के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षण कार्य नियमित रूप से बहाल हो सकेगा।
