गोरखपुर
सरकारी चक मार्ग पर अतिक्रमण का आरोप, स्थानीय लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग
जांच के आदेश के बाद भी नहीं रुका निर्माण, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल
गोरखपुर। शाहमारूफ क्षेत्र में स्थित सरकारी चक मार्ग (गाटा संख्या-56) पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रेस वार्ता कर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई। लोगों ने आरोप लगाया कि रेती रोड से घंटाघर के बीच से पूर्व दिशा की ओर जाने वाला यह मार्ग राजस्व अभिलेखों और खतौनी में चक मार्ग के रूप में दर्ज है, लेकिन इसके किनारे रहने वाले विजय कुमार गुप्ता (पुत्र स्व. हनुमान प्रसाद) द्वारा लगभग 210 वर्ग फीट सरकारी भूमि पर जबरन निर्माण कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गली की चौड़ाई करीब 4.66 मीटर है और अतिक्रमण के चलते आवागमन प्रभावित हो रहा है। विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा विवाद की स्थिति उत्पन्न किए जाने का भी आरोप लगाया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस मामले में पूर्व में उपजिलाधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर संज्ञान लेते हुए 24 मार्च 2026 को जांच के लिए टीम गठित की गई थी और सरकारी भूमि से कब्जा हटाने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य जारी है।
प्रार्थियों का कहना है कि वे शांतिप्रिय लोग हैं और किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, लेकिन प्रशासन की निष्क्रियता के कारण क्षेत्र में आक्रोश बढ़ रहा है। उनका आरोप है कि भू-माफियाओं की कार्यशैली से सरकारी आदेशों की अनदेखी हो रही है। प्रेस वार्ता के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की गई कि मामले की तत्काल जांच कराकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
