पूर्वांचल
समयसीमा में कराएं मामलों का गुणवत्तायुक्त निस्तारणःकमिश्नर
भदोही। संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को तहसील औराई, भदोही और ज्ञानपुर में संपन्न हुआ। भदोही तहसील में बतौर दिवसाधिकारी मौजूद रहे मंडलायुक्त डॉक्टर मुथुकुमार स्वामी बी ने दूरदराज क्षेत्रों से आये फरियादियों को तवज्जो देकर मामलों के निस्तारण पर बल दिया। जन शिकायतों की बढ़ती संख्या को गंभीरता से लेते हुए माना कि निस्तारण प्रक्रिया में बरती जा रही लापरवाही पर जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार की हिदायत दी। मंडलायुक्त ने भदोही तहसील में आये 41 में से 05 ज्ञानपुर में डीएम विशाल सिंह ने 31 में 05, औराई में एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने 47 में 07 मामलों का निस्तारण कराकर शेष अन्य मामलों में संयुक्त टीमें गठित एक सप्ताह में निस्तारण रिपोर्ट सौंपने को कहा। निस्तारण प्रक्रिया में पारिदर्शिता पूर्ण रवैया न अपनाने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। तहसीलों में विभिन्न विभागों की ओर से लगाये स्टाल का निरीक्षण अधिकारियों ने कर योजनाओं का लाभ पंक्ति के अंतिम लक्ष्य तक पहुंचाने को कहा। इस मौके पर एसडीएम सदर अरूण गिरि, सीएमओ डाक्टर एसके चक, डीएफओ नीरज आर्य, क्षेत्राधिकारी सदर प्रभात राय, बरखा सिंह, भान सिंह, तहसीलदार अजय सिंह, सत्यपाल प्रजापति, संजय कुमार आदि रहे।
