चन्दौली
“सपा सरकार बनी तो चंदौली की धरती पर होगी सेना भर्ती” : मनोज सिंह डब्लू
बरहन ग्राम पंचायत में पीडीए जन पंचायत कार्यक्रम का हुआ आयोजन
चंदौली। समाजवादी पार्टी की ओर से सोमवार को बसंत पंचमी पर सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के बरहन गांव में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजन प्रधान जगमेंद्र यादव के साथ ही सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, डा.बिरेंद्र सिंह समेत तमाम अतिथियों ने डा.अंबेडकर के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार बेरोजगारी के मुद्दे पर पूरी तरह से फेल है। केंद्र में भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल है और प्रदेश में दूसरा। बावजूद इसके अब तक भाजपा के विधायक व सांसद चंदौली में सेना भर्ती कराने में नाकाम रहे। भरोसा दिया कि सपा सरकार बनी तो चंदौली की धरती पर सेना भर्ती होने का काम होगा।
उन्होंने कहा कि, किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करनी वाली भाजपा सरकार में पम्प कैनालों की क्षमता को घटने का काम किया है। किसानों की फसल ना जले। इसके लिए जनपद में चार फायर स्टेशन सपा सरकार में स्वीकृत हुए। रैथा में बनकर तैयार हो गया, लेकिन नौबतपुर, डेढ़ावल व जगदीशसराय में प्रस्तावित फायर स्टेशन आज भी कागजों में झूल रहा है। सपा सरकार में सैयदराजा विधानसभा में 16 पावर हाउस बने है जो जनता के प्रति समाजवादी पार्टी को जुड़ाव को प्रदर्शित करता है।
सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि जनता की लड़ाई पीडीए परिवार लड़ने का काम करेगा। अखिलेश यादव के इसी संदेश को लेकर हम सभी आपके बीच आए हैं। भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने का काम रही है। आयोजक जगमेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में आमजनता की मुश्किलें बढ़ी है। ऐसे में जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की पहल की जा रही है, ताकि लोग अपने अधिकारों को जाने और अपने जनप्रतिनिधियों व सरकारों से सवाल कर सके।
डॉ. बिरेंद्र बिंद ने कहा कि हम सभी को मिलकर पीडीए परिवार को मजबूती दिलानी होगी, ताकि पिछड़े, अल्पसंख्यक व दलितों को उचित राजनीतिक भागीदारी व समाज में सम्मान मिल सकेगा। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष सत्य नरायन राजभर, रामजन्म यादव, गार्गी पटेल, राजेश यादव आदि उपस्थित रहे।