वाराणसी
सद्भावना दिवस पर राजीव गांधी को दी गई श्रद्धांजलि

वाराणसी में कांग्रेस की 100 वार्ड पदयात्रा का शुभारंभ
वाराणसी। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर बुधवार को “सद्भावना दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मैदागिन चौराहे स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की मुख्य उपस्थिति में माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने की जबकि संचालन एवं नेतृत्व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने राजीव गांधी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारत को 21वीं सदी की दिशा दी, कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की नींव रखी, पंचायती राज को मजबूत किया और युवाओं को राजनीति में आगे लाने का काम किया।
सद्भावना दिवस के साथ ही कांग्रेस ने जनता के हक की लड़ाई को मजबूत करने के लिए 100 वार्ड पदयात्रा की शुरुआत भी की। इसका आगाज प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी का झंडा दिखाकर किया। काल भैरव ब्लाक से शुरू हुई पदयात्रा में वे स्वयं शामिल हुए और जनता से संवाद किया। यह यात्रा 13 दिन तक चलेगी जिसमें 13 ब्लाक और 100 वार्ड शामिल होंगे। उद्देश्य है जनता से सीधा संवाद करना और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना।
अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत किया और युवाओं को अवसर देकर भारत को नई दिशा दी। आज जब लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, तब राजीव गांधी की सोच और विरासत से प्रेरणा लेकर संघर्ष करना होगा। यह पदयात्रा जनता की आवाज बनेगी और बतायेगी कि कांग्रेसजन महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ डटे हुए हैं।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायतों और नगर निकायों को अधिकार देकर लोकतंत्र को गांव-गांव तक पहुंचाया। आज महिलाएं और वंचित वर्ग राजनीति में भागीदारी कर रहे हैं, वह उन्हीं की दूरदृष्टि का परिणाम है। वहीं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि यह पदयात्रा सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि लोकतंत्र बचाने और जनता की आवाज बुलंद करने का आंदोलन है।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।