चन्दौली
सड़क चौड़ीकरण में जल निकासी को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
बबुरी (चंदौली)। दूदे गांव के पास चकिया मुगलसराय मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान सड़क की ऊंचाई बढ़ाने और जल निकासी पुलिया न बनाने से ग्रामीणों और किसानों में बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका गहरा गई। सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवाकर सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नई सड़क पुरानी लेयर से करीब सात फीट ऊंची बनाई जा रही है, लेकिन जल निकासी के लिए कितनी पुलिया बनेगी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। क्षेत्र पहले से बाढ़ प्रभावित है और पास बहने वाली चंद्रप्रभा नदी के उफान के समय खेत व बस्तियां कई दिनों तक जलमग्न रहती हैं। किसानों ने आशंका जताई कि पर्याप्त पुलिया नहीं बनने पर फसलें बर्बाद हो सकती हैं।
मौके पर पहुंचे किसान नेता राणा प्रताप सिंह ने अधिकारियों और ठेकेदार से बातचीत कर ग्रामीणों की समस्या रखी। ग्रामीणों ने मांग की कि उचित स्थानों पर पहले जल निकासी पुलिया बनाई जाए, तभी सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो। अधिकारियों ने तीन दिन के भीतर पुलिया निर्माण कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन और जाम समाप्त कर दिया।
