गोरखपुर
सगाई समारोह में प्रेमिका के फोन से मचा बवाल, तीन हिरासत में
गोरखपुर। जनपद के पीपीगंज क्षेत्र स्थित एक मैरिज हॉल में खुशियों से सजा सगाई समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक अप्रत्याशित फोन कॉल ने दो परिवारों के सपनों को पलभर में चकनाचूर कर दिया। हंसी-खुशी से शुरू हुआ आयोजन देखते ही देखते तनाव, आक्रोश और आंसुओं में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी खजनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय हुई थी। 13 फरवरी को पीपीगंज के मैरिज हॉल में सगाई की रस्में पूरी की जा रही थीं। रिश्तेदारों की मौजूदगी, मंगल गीत और भविष्य के सुनहरे सपनों के बीच अचानक माहौल तब बदल गया, जब युवक की कथित प्रेमिका ने युवक का मोबाइल फोन लेकर युवती के भाई से संपर्क किया।
फोन पर युवती ने दावा किया कि वह पिछले छह वर्षों से युवक के साथ प्रेम संबंध में है और इस सगाई को रोकने की बात कही। यह सुनते ही युवती पक्ष स्तब्ध रह गया। एक ओर जहां लड़की के अरमान टूटते दिखे, वहीं दोनों परिवारों की इज्जत और भरोसे पर गहरा आघात लगा। देखते ही देखते मैरिज हॉल में तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। युवती के भाई की तहरीर पर युवक पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि युवक और उसके पिता के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में भरोसे और सच की अहमियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
