गाजीपुर
संत पंकज जी महाराज ने दिया नशामुक्ति और सदाचार का संदेश
जमानियाँ (गाजीपुर) जयदेश। विश्वविख्यात परम संत बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के वैचारिक उत्तराधिकारी संत पंकज जी महाराज अपनी 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा के 68वें पड़ाव पर बुधवार सायंकाल बघरी गांव स्थित बागेश्वरी माता मंदिर के पास पहुंचे। जयगुरुदेव के जयघोष और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के स्वागत के बीच उन्होंने मानवता की सेवा, सदाचार और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया।
सत्संग सभा को संबोधित करते हुए महाराज जी ने कहा कि मांसाहार और नशे का सेवन मनुष्य को अधोगति की ओर ले जाता है। उन्होंने बताया कि मनुष्य अपने कर्मों के कारण जन्म-मरण के चक्र में फंसता है और इन बुराइयों से मुक्ति संत सद्गुरु की शरण एवं साधना से ही संभव है। बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवनभर लोगों को शाकाहार और चरित्र निर्माण की प्रेरणा दी।

महाराज जी ने मानव जीवन को दुर्लभ बताते हुए इसे व्यर्थ न गंवाने की सीख दी तथा नामदान लेकर साधना मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को 3 से 5 मार्च तक मथुरा स्थित जयगुरुदेव आश्रम में आयोजित होली सत्संग मेले में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अपने अगले पड़ाव ग्राम ताजपुर मांझा के लिए रवाना हो गई, जहाँ अगले दिन दोपहर 12 बजे से सत्संग आयोजित होगा। इसकी जानकारी जयगुरुदेव संगत के पदाधिकारियों ने दी।
