अपराध
संजरपुर में तीन घरों में लाखों की चोरी
एक घर में जागने पर भागे चोर
बदायूं के उझानी क्षेत्र के गांव संजरपुर में चोरों ने तीन घरों से करीब छह लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया, जबकि चौथे घर में चोरी करते समय परिजनों के जाग जाने से चोर भाग निकले।रविवार आधी रात के बाद पहली घटना पूर्व सैनिक राजेंद्र सिंह के घर में हुई।
चोर उनके घर में घुसकर एक कमरे से 40 हजार रुपये नकद और कुछ गहने चुरा ले गए। सुबह चार बजे परिजन जागे तब उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद चोर सोमपाल के घर में घुसे, जहां से उन्होंने डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने चुराए। तीसरी वारदात अवीत कुमार के घर में हुई जहां से चोर करीब दो लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश के दौरान कुछ बक्से और कपड़े अलग-अलग जगह जंगल में मिले।
चोरों ने सोमपाल के भाई रणधीर के घर में भी घुसने की कोशिश की। दोनों भाइयों के घर एक-दूसरे से सटे हुए हैं लेकिन सोमपाल के परिजनों के जागने पर शोर मचाने से रणधीर के घरवाले भी जाग गए। बताया जा रहा है कि चोरी से पहले चोरों ने उनके दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था।
